राजधानी समेत अवध क्षेत्र में छाए काले बादल, कई इलाकों में बारिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजधानी समेत अवध क्षेत्र में मंगलवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में काले घने बादल छा गए। कुछ ही देर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। धीरे-धीरे बारिश बढ़ गई। कई इलाकों में तेज तो कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। कैसरगंज, शास्त्रीनगर, कुंदरकी रकाबगंज समेत अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। बारिश के साथ ही हवा चलने से ठंड में भी इजाफा हो गया। सुबह करीब 09 बजे के आसपास लखनऊ में बादलों की सक्रियता तेज हुई और कुछ ही देर में आसमान में घना अंधेरा छा गया। इसके बाद गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम से शहर की रफ्तार थम सी गई। बारिश के चलते स्कूल, दफ्तर और रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लोग भीगते नजर आए, जबकि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया था।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार यह छिटपुट बारिश मंगलवार तक ही सीमित रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में कमी आने के बाद बुधवार से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। इसके साथ ही तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को बीते दिनों की उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। बतातें चलें कि मौसम विभाग की ओर से मंगलवार के लिए प्रदेश के बुंदेलखंड के इलाके हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 23 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

इस बीच जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा मंगलवार को बुदेलखंड, विंध्य क्षेत्र, प्रयागराज मंडल तक पहुंचेगा। प्रदेश में यह बदलाव 4 फरवरी तक रहेगा। इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट आएगी। देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत व आसपास के इलाकों में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *